गुरुवार, 21 नवंबर 2024

अथर्ववेदोक्त ब्रह्म मुहूर्त और विष्णु पुराणोक्त ब्राह्म मुहूर्त दोनो अलग-अलग अवधारणा है।

अथर्ववेदोक्त ब्रह्म मुहूर्त और विष्णु पुराणोक्त ब्राह्म मुहूर्त दोनो अलग-अलग अवधारणा है।
यदि रात्रि बारह घण्टे की हो तो सूर्योदय से 96 मिनट पहले से लेकर 48 मिनट पहले तक का उनतीसवाँ मुहूर्त या रात्रि का चौदहवाँ मुहूर्त ब्रह्म मुहूर्त होता है।इस समय सन्ध्या करते हैं। फिर एक मुहूर्त गायत्री जप करके उदयीमान सूर्य को अर्घ्य प्रदान करते हैं।
मतलब सूर्योदय से डेड़ घण्टा पहले तो सन्ध्या चालू करना है तो, उसके पहले शोच, स्नान, योगासन आदि करने के लिए उठना तो पहले ही पड़ेगा।
इसलिए जागने के लिए विष्णु पुराण में ब्राह्म मुहूर्त बतलाया है। जो बारह घण्टे की रात्रि होने पर सूर्योदय से चार घण्टे पहले प्रारम्भ होता है और सूर्योदय से दो घण्टे पहले तक रहता है।

अर्थात 21 मार्च और 23 सितम्बर को सूर्योदय लगभग 06:28 बजे यानी लगभग साढ़े छः बजे होता है और दिन-रात लगभग बारह-बारह घण्टे के होते हैं तब रात में दो बजे उठना चाहिए। और पौने पाँच बजे सन्ध्या प्रारम्भ करना चाहिए।और पाँच बजकर चालीस मिनट से गायत्री जप प्रारम्भ करना चाहिए। तथा सूर्योदय के समय अर्घ्य देकर दान आदि करना चाहिए।

सोमवार, 11 नवंबर 2024

देव शयन और देव प्रबोधन

वर्षा ऋतु में जठराग्नि मन्द हो जाती है, व्यक्ति अधिक समय घर में गुजारता है, डिप्रेस्ड रहता है इसलिए बहुत से उत्सव - त्योहार बनाए गए। तला हुआ गरिष्ठ खाद्य ग्रहण करता है; इसलिए भोजन पूर्णतः नहीं पचता और पौषण नहीं मिलता। आलस्य वर्धन होता है। मन - इन्द्रियों का मन्द होना ही देव शयन है। 

हेमन्त ऋतु में जल जमाव समाप्त होने, कीचड़ सूखने, स्वच्छता बढ़ने से बेक्टिरिया वायरस कम होने और शीत बढ़ने से स्वास्थ्य सुधार होने लगता है। इससे सुशुप्तावस्था मे गये मन - इन्द्रियों का सक्रिय होना ही देव प्रबोधन है।
वेदों, ब्राह्मण ग्रन्थों - उपनिषदों में अन्तरात्मा, जीवात्मा, प्राण,  मन- इन्द्रियों, जठराग्नि आदि अध्यात्मिक (देह के अन्दर सक्रीय) संस्थानों को भी देव कहा गया है। तथा विष्णु, प्रभविष्णु (श्रीहरि), नारायण, हिरण्यगर्भ आदि को भी देव कहा गया है। तथा प्रजापति, इन्द्र, द्वादश आदित्य, अष्ट वसु तथा एकादश रुद्र को देवता कहा गया है। उक्त देवों में हिरण्यगर्भ ब्रह्मा के दिन अर्थ कल्प के अन्त में रात्रि होने पर जब हिरण्यगर्भ ब्रह्मा सो जाते हैं, तब प्रजापति अपने कारण हिरण्यगर्भ ब्रह्मा में लय हो जाते हैं और नैमित्तिक प्रलय हो जाने से ब्रह्माण्ड नष्ट हो जाता है।
अर्थात विष्णु, प्रभविष्णु श्री हरि (सवितृ), नारायण तो दूर हिरण्यगर्भ ब्रह्मा भी नहीं सोते हैं। तो उठने का प्रश्न ही नहीं।

शनिवार, 9 नवंबर 2024

नव सस्येष्टि होला (होली) और दीवाली (दीपावली) पर्व।

पूर्णिमा और अमावस्या को यज्ञ वेदी पर समिधा जमाकर अन्वाधान करते हैं।
अमावस्या और पूर्णिमा के दूसरे दिन (प्रतिपदा) को किया जाने वाला पाक्षिक यज्ञ इष्टि कहलाता है।

इष्टि यज्ञ का एक प्रकार है। मूलतः होली और दीवाली भी नव सस्येष्टि पर्व ही हैं।
हिरण्यकशिपु -प्रहलाद- सिंहिका (होलिका) से होली का कोई सम्बन्ध नहीं है।
इस पर्व का सही नाम होला था। (उम्बी-होला वाला होला) इसलिए आज भी उम्बी-होला सेंकते हैं। इस दिन जों, गेंहू चना आदि फसलों का हवन कर यज्ञ भाग वितरण होता था।

ऐसे ही दीपावली भी नव सस्येष्टि पर्व था, इसलिए इसमें गन्ना, ज्वार और धान (साल की धानी) का हवन होता है। और पितरों के लिए दीपदान करके उन्हें पितृलोक का मार्गदर्शन करते हैं। इसलिए आकाशदीप लगाते हैं।
रावण वध अमान्त फाल्गुन पूर्णिमान्त चैत्र कृष्ण चतुर्दशी और अमावस्या तिथि की सन्धि वेला में हुआ था। विजया दशमी (दशहरा) को नहीं।
श्रीरामचन्द्र जी चौदह वर्ष के वनवास उपरान्त चैत्र शुक्ल पञ्चमी को भरद्वाज आश्रम पहूँचे थे। दुसरे दिन चैत्र शुक्ल षष्ठी को नंदीग्राम में भरत जी से मिले। और उसके बाद अयोध्या पधारे थे। अमान्त आश्विन पूर्णिमान्त कार्तिक कृष्ण अमावस्या (दीपावली) को नहीं।
सर्वपितृ अमावस्या के बाद भी जो पितर बच जाते हैं, उन्हें यम द्वितीया के दिन तक एकत्र कर यमराज साथ ले जाते हैं।

सोमवार, 28 अक्टूबर 2024

पुराणों के अनुसार श्राद्ध कर्म में मदिरा, मत्स्य और मान्स का प्रयोग होता था

*पुराणों के अनुसार श्राद्ध कर्म में मदिरा, मत्स्य और मान्स का प्रयोग होता था।* 

*विष्णु पुराण/तृतीय अंश/ सौलहवाँ अध्याय/ श्लोक 1, 2 एवम् 3 से* ---
श्राद्ध कर्म में विहित और अविहित वस्तुओं का विचार के अन्तर्गत *मत्स्य, मान्स और प्राकृतिक मदिरा मधु के द्वारा श्राद्ध करने का विधान* ।

और्व उवाच 
हविष्यमत्स्यमान्सैस्तु शशस्य नकुलस्य च।
सौकरच्छागलैणेयरौरगवैर्गवयेन च।।१।।
औरभ्रगव्यैश्च तथा मासवृद्ध्या पितामहाः।
प्रयान्ति तृप्तिम् मान्सैस्तु नित्यम् वार्घीणसामिषै।।२।।
अर्थात ---
और्व बोले -- हविष्यान्न, मत्स्य, शशक (खरगोश), नकुल, शुकर (सूअर), छाग, कस्तुरी मृग, कृष्ण मृग, गवय (नीलगाय/ वनगाय) और भेड़ प्रजाति का पशु मेष (मेढ़ा) के मान्सों से तथा देशी गौ के दूध, दहीँ, मक्खन और घी आदि गव्य से पितृगण क्रमशः एक-एक मास अधिक तृप्ति लाभ करते हैं। और वार्घ्रीणस पक्षी के मान्स से सदा तृप्त रहते हैं। 1 एवम 2
खड्गमान्समवीवात्र कालशांक तथा मधु।
शस्तानि कर्मण्यत्यन्ततृप्तिदानि नरेश्वर।।3
हे नरेश्वर! श्राद्ध कर्म में गेण्डे का मान्स, कालकाश और मधु अत्यन्त प्रशस्त और अत्यन्त तृप्तिदायक है।

रविवार, 27 अक्टूबर 2024

महा तपस्वी नारायण का श्रीकृष्ण अवतार और आद्यशक्ति योगमाया का एकांशना अवतार

अर्थात विष्णु पुराण,पञ्चम अंश/ प्रथम अध्याय/ श्लोक 60 से 82 तक में उल्लेख के अनुसार
 
क्षीर सागर के तट पर हिरण्यगर्भ ब्रह्मा के नेतृत्व में नारायण की स्तुति करने पर प्रकट होकर नारायण ने देवताओं के समक्ष एक श्वेत और एक कृष्ण केश उखाड़कर भूमि पर पटके और कहा ये दोनों पृथ्वी पर अवतार लेकर दैत्यों का नाश करेंगे।
देवगण भी अपने अपने अंश से अवतार लेकर दैत्यों से युद्ध करें। श्लोक 60 से 63 तक।
वसुदेव के घर देवकी के आठवें गर्भ से यह श्याम केश अवतार लेगा। और कालनेमी के अवतार कंस का वध करेगा। श्लोक  64-65
फिर नारायण ने  योगनिद्रा को आदेश दिया कि, शेष नामक मैरा अंश अपने अंशांश से देवकी के सातवें गर्भ में स्थित होगा। उसे वसुदेव की दुसरी पत्नी रोहिणी के गर्भ में स्थापित कर देना। और लोग समझेंगे कि, देवकी का गर्भपात हो गया। रोहिणी के गर्भ में संकर्षित होने से वह संकर्षण कहलाएगा। श्लोक 72 से 76 तक।
तदन्तर मैं देवकी के आठवें गर्भ में स्थित होऊँगा। उस समय तू यशोदा के गर्भ से चली जाना। श्लोक 77 तक।
श्लोक 78 --- वर्षा ऋतु में नभस मास  (प्रकारान्तर से अमान्त श्रावण मास) में कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को निशा (रात्रि) में जन्म लूँगा। और तू नवमी को उत्पन्न होगी। श्लोक 78
 वासूदेव जी मुझे यशोदा जी के शयन गृह में ले जाएंगे और तुझे देवकी के शयनगृह में लेजाएँगे।
कंस द्वारा शिला पर पटकने पर तू आकाश मे स्थित हो जाएगी। श्लोक 79 एवम् 80
इन्द्र तुम्हें प्रणाम करेगा। फिर तुम्हें भगिनी रूप से स्वीकार करेगा। श्लोक 81 
तू शुम्भ-निशुम्भ आदि सहस्रों दैत्यों का संहार कर समस्त पृथ्वी को सुशोभित करेगी। श्लोक 82

विष्णु पुराण,पञ्चम अंश/ तृतीय अध्याय/ श्लोक 26 और 27  में उल्लेख के अनुसार

योग निद्रा को कन्स द्वारा पाषाण शिला पर पटकने के प्रयत्न के समय कन्स के हाथ से छूटकर योगनिद्रा देवी आकाश में शस्त्र युक्त, अष्टभुजा देवी के स्वरूप में प्रकट हुई। श्लोक 26
 और कन्स को फटकारते हुए कहा कि, तेरा वध करने वाला अन्यत्र जन्म ले चुका है। श्लोक 27

मिर्जापुर उत्तरप्रदेश मे स्थित *महामाया, योगमाया आद्य शक्ति, एकानंशा, विन्ध्यवासनी देवी* का मन्दिर है।
वैष्णव परंपरा में महामाया, योगमाया *आद्य शक्ति* , एकानंशा देवी को  *नारायणी* की संज्ञा दी गई है, और वह विष्णु की माया की शक्तियों के अवतार के रूप में कार्य करती हैं। 
देवी भागवत पुराण में देवी को देवी दुर्गा का परोपकारी पहलू माना गया है। 
शाक्त उन्हें आदि शक्ति का रूप मानते हैं। 
पुराणों के अनुसार *उनका जन्म यादव परिवार में नंद और माता यशोदा की बेटी के रूप में हुआ* था। जिन्हें कन्स ने देवकी - वसुदेव पुत्री समझ कर चट्टान पर पटक कर मारना चाहा, तो वे आकाशीय विद्युत बनकर विन्द्याचल पर स्थित हो गई।

भारतीय मानक समय मेरिडियन रेखा इस मन्दिर के निकट से ही गुजरती है। यहाँ मानक समय और स्थानीय समय में मात्र 16 सेकण्ड का ही अन्तर है।

शनिवार, 26 अक्टूबर 2024

स्वयम् भी सानन्द रहो। दुसरों का भी आनन्दवर्धन करो।

हाल कैसा है जनाब का?
इस प्रश्न के चार प्रकार के उत्तर होते हैं।
1 - जी रहा हूँ और पी रहा हूँ।

2 - टाटा स्काई का विज्ञापन था, 
दामाद - फूफाजी कैसे है?
बस जी रहा हूँ ‌। 
फूफी कैसी है?
गूजर गई।
नौकरी कैसी चल रही है?
छूट गई।
दामाद क्रिकेट मेच देखने लगता है ।

3 - फिल्म बार्डर से - चिट्ठी आती है!
करनाल वाले मामाजी गुजर गये, बाकी सब ठीक है।
गाय ने बछड़ा दिया था, पैदा होते ही मर गया बेचारा, बाकी सब ठीक है।
मुन्नी का बुखार चार दिन से उतर नहीं रहा,बाकी सब ठीक है।
मुन्ना गिर गया था, हाथ की हड्डी टूट गई, बाकी... सब ठीक है। 

4 - फिल्म मेरे अपने - हाल-चाल ठीक-ठाक है। आपकी कृपा से सब ठीक-ठाक है। 😁 

मैंरा उत्तर फिल्म मेरे अपने की स्टाइल में रहता है।

वेदों में तिथियाँ प्रचलित नहीं थी। अमान्त मास प्रचलित थे।

*फाल्गुन पूर्णिमा/ पूर्वाफाल्गुनी के दिन को संवतर का अन्तिम दिन कहा है। और उसके अगले दिन उत्तराफाल्गुनी को संवतरारम्भ कहा है।*
वैदिक असमान विस्तार वाले नक्षत्र - पूर्वाफाल्गुनी और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र की सन्धि पर पूर्णिमा का चन्द्रमा होगा तो इससे १८०° पर स्थित नक्षत्र पर सूर्य होगा।
तैत्तिरीय संहिता 7/4/8 में तथा पृष्ठ 51 पर सामवेद के ताण्यब्राह्मण 5/9
 तैत्तिरीय ब्राह्मण 7/4/8
(भा.ज्यो.पृष्ठ 50)

*अधिक मास वर्षान्त में जुड़ता था।*
 वाजसनैय संहिता 22/30 एवम् 31 
ऐतरेय ब्राह्मण 3/1 और 17 और तैत्तिरीय ब्राह्मण 3/8/3
(भा. ज्यो. पृष्ठ 40 एवम् 41)
अर्थात वर्तमान में निरयन सौर वर्ष या सायन सौर वर्ष से चान्द्र वर्ष को बराबर करने के लिए निर्धारित १९ वर्ष, १२२ वर्ष और १४१ वर्ष वाला चक्र प्रचलित नहीं था।
महाभारत काल में हर अट्ठावन माह बाद उनसठवाँ और साठवाँ माह अधिक मास करते थे। ऐसे ही वैदिक काल में वर्षान्त पश्चात तेरहवाँ माह अधिक मास करते थे। सम्भवतः कितने वर्ष पश्चात करते थे यह स्पष्ट नहीं है।

इससे सिद्ध होता है कि, सामान्यतः अमान्त मास भी प्रचलित थे लेकिन संवत्सर आरम्भ के लिए सायन मेष संक्रान्ति ही मुख्य थी। उस दिन पड़ने वाले चन्द्रमा जिस नक्षत्र के साथ होता था उस नक्षत्र से भी इंगित करते थे। साथ ही उदृष्टका (शुक्ल प्रतिपदा), एकाष्टका (शुक्लाष्टमी), पूर्णिमा, व्यष्टका (कृष्ण प्रतिपदा) और अष्टका (कृष्णाष्टमी) और अमावस्या तिथि से भी इंगित करते थे। 

*शुक्ल पक्ष और कृष्णपक्ष को अर्धमास कहा है।* 
*अर्धमासों के नाम पवित्रादि हैं।* 
अथ यदाह । पवित्रन् पवयिष्यन्त्सहस्वान्त्सहीयानरुणोरणरजा इति। एष एव तत्। ए ह्येव तेर्धमासाः एषः मासाः ।
तैत्तिरीय ब्राह्मण 1/6/3 ।
(भा. ज्यो.पृष्ठ 48)
इससे प्रमाणित होता है कि, छब्बीस पक्षों के भी नामकरण किया गया था।

तिथियाँ प्रचलित नहीं थी। केवल उदृष्टका (शुक्ल प्रतिपदा), एकाष्टका (शुक्लाष्टमी), पूर्णिमा, व्यष्टका (कृष्ण प्रतिपदा) और अष्टका (कृष्णाष्टमी) और अमावस्या तिथि का ही उल्लेख है।

 *कृष्णपक्ष की प्रतिपदा को व्यष्टका और शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को उदृष्ट कहा है।* 
तैत्तिरीय ब्राह्मण 1/8/2 तथा ताण्ड्य ब्राह्मण 10/3/11 ।
 *कृष्णपक्ष की अष्टमी को अष्टका और शुक्ल पक्ष की अष्टमी को एकाष्टका कहा है।* 
तैत्तिरीय ब्राह्मण 1/5/12 तथा ताण्ड्य ब्राह्मण 10/3/11 ।
(भा.ज्यो.पृष्ठ 59)
इससे प्रमाणित होता है कि, तिथियाँ प्रचलित नही थी। लेकिन चन्द्रमा के चारो फेस का निर्धारण गणना करते थे। यानी अमावस्या, उदृष्यका या शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, एकाष्टका (शुक्ल पक्ष की अष्टमी), पूर्णिमा, व्यष्टका (कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा), अष्टका (कृष्ण पक्ष की अष्टमी), और अमावस्या की गणना की जाती थी।
ऐसे ही पारिश्रमिक वितरण में दशाह चलता था। सप्ताह शब्द भी मिलता है लेकिन उपयोग का उल्लेख नहीं है। वासर सूर्योदय से दुसरे सूर्योदय तक को कहते हैं, लेकिन ग्रहों के नाम वाले वार का उल्लेख नहीं है।
क्रान्तिवृत के उत्तर-दक्षिण मेंआसपास आठ-आठ अंश चोड़ी पट्टी में असमान आकृति वाले तारा मण्डलों को असमान भोगांश वाले नक्षत्र कहते थे। समान भोग वाले नक्षत्र नहीं थे। लेकिन सायन सौर मधु-माधव आदि मास निर्धारण हेतु विषुव वृत के तीस-तीस अंशों वाले अरे प्रयुक्त होते थे।
योग एवम् करण (तिथ्यार्ध) का उल्लेख नहीं है।
सूर्य से चन्द्रमा के बारह-बारह अंश के अन्तर पर तिथियाँ बदलती है। जैसे 348° से 360° तक अमावस्या रहती है। 00° से 12° अन्तर तक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, 12° से 24° तक द्वितीया, 24° से 36° तक तृतीया ....…. 168° से 180° तक पूर्णिमा। फिर 180° से 192° तक कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा, 192° से 204° तक कृष्ण पक्ष की द्वितीया 204° से 216° तक कृष्ण पक्ष की तृतीया और पुनः 348° से 360° तक अमावस्या रहती है।
ऐसे ही सूर्य से चन्द्रमा के छः-छः अंश के अन्तर को करण कहते हैं।